BJP offering Rs 15 crore to Congress MLAs to topple government: CM accuses
राजस्थान, न्यूज डेस्कः: राजस्थान में सियासी उठापटक के बीच सीएम अशोक गहलोत ने भाजपा पर बड़ा आरोप लगाया है। शनिवार को अशोक गहलोत ने भाजपा पर कांग्रेस सरकार को गिराने का साजिश का आरोप लगाया है। सीएम गहलोत ने आरोप लगाया है कि विपक्षी दल भाजपा कांग्रेस के विधायकों को 15 करोड़ रुपये तक ऑफर कर रहा है। गहलोत ने कहा कि कोविड संकट के दौरान जहां सरकार लोगों के लिए काम कर रही है। वहीं, भाजपा सरकार और लोगों के लिए परेशानी खड़ी कर रही है। भाजपा लगातार हमारी सरकार को गिराने की कोशिश कर रही है।
क्या बोले गहलोत....
गहलोत ने कहा कि कर्नाटक और मध्यप्रदेश में भाजपा ने खरीद-फरोख्त के जरिये ही हमारी सरकारें गिराई हैं। उन्होंने कहा, इसी कड़ी में भाजपा ने कुछ हमारे कुछ विधायकों को 15 करोड़ रुपये और अन्य तरह का प्रलोभन दिया है और ऐसा लगातार हो रहा है। गहलोत ने कहा कि भाजपा ने राज्यसभा चुनाव के लिए गुजरात में भी विधायकों की खरीद-फरोख्त की थी। और अब ऐसा ही वह कुछ राजस्थान में कर रहे हैं। बता दें कि राजस्थान में कांग्रेस के पास 200 सीटों में में 107 सीटें हैं। वहीं कांग्रेस सरकार को 12 आजाद विधायकों का भी समर्थन है।
कांग्रेस के 2 दर्जन विधायकों ने आरोप लगाया
इससे पहले, कांग्रेस के दो दर्जन विधायकों ने आरोप लगाया है कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) राज्य की अशोक गहलोत सरकार को गिराने की साजिश रच रही है। कांग्रेस के इन विधायकों ने शुक्रवार देर रात जारी संयुक्त बयान में यह आरोप लगाया है। यह बयान विधानसभा में मुख्य सचेतक डॉ. महेश जोशी एवं उप मुख्य सचेतक महेंद्र चौधरी के हस्ताक्षरों से जारी किया गया है।
‘भाजपा के शीर्षस्थ लोग इस षडयंत्र में शामिल’
संयुक्त बयान में कांग्रेस विधायकों ने आरोप लगाया गया है कि भाजपा खरीद फरोख्त एवं अन्य भ्रष्ट हथकंडों के माध्यम से राज्य की जनहितकारी कांग्रेस सरकार को गिराने की साजिश रच रही है। इन विधायकों ने इसे भाजपा का कथित ‘अलोकतांत्रिक एवं भ्रष्ट आचरण’ करार दिया है। बयान में कहा गया है, ‘‘ हमारे पास स्पष्ट जानकारी है कि भाजपा के शीर्षस्थ लोग इस षडयंत्र में शामिल हैं जो कांग्रेस के विधायकों एवं समर्थित विधायकों और अन्य से संपर्क कर उन्हें तरह तरह के प्रलोभन देकर गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं।
बयान में 24 विधायकों के नाम दिए गए हैं...
संयुक्त बयान में 24 विधायकों के नाम दिए गए हैं जिनमें लाखन सिंह, जोगेंद्र सिंह अवाना, मुकेश भाकर, इंद्रा मीणा, वेद प्रकाश सोलंकी और संदीप यादव सहित कई के नाम शामिल हैं। उल्लेखनीय है कि यह बयान ऐसे समय में जारी किया गया है, जबकि राजस्थान पुलिस के विशेष कार्यबल एसओजी ने राज्य में विधायकों की खरीद फरोख्त और निर्वाचित सरकार को अस्थिर करने के आरोपों में शुक्रवार को एक मामला दर्ज किया है।