On the last journey, the lots of people pay tribute to the beloved Atal Bihari Vajpayee
नेशनल डेस्कः पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी अंतिम यात्रा पर चल पड़े हैं। हजारों की संख्या में लोग अपने प्रिय नेता को अश्रूपूर्ण विदाई दे रहे हैं। उनके अंतिम दर्शन की लालसा लिये हजारों की संख्या में लोग सड़कों पर खड़े हैं। वहीं बड़ी संख्या में लोग उनके वाहन के साथ-साथ चल रहे हैं। देश भर से भारी संख्या में लोग वाजपेयी के अंतिम दर्शन करने और उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए भाजपा मुख्यालय पहुंचे है। वाजपेयी का पार्थिव शरीर कृष्ण मेनन मार्ग स्थित उनके आवास से सुबह 11 बजे दीन दयाल मार्ग पर भारतीय जनता पार्टी के मुख्यालय लाया गया। जहां बड़ी संख्या में बच्चे, बूढ़े, महिलाएं सभी मौजूद थे।अपने नेता के अंतिम दर्शन के लिए लोग पेड़ों तक पर चढ़े हुए थे। मुख्यालय के बाहर दो बड़े एलईडी स्क्रीन लगे हुए थे, ताकि जो अंदर नहीं जा सके वह भी वाजपेयी के अंतिम दर्शन कर सकें। वाजपेयी का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। उनकी अंतिम यात्रा भाजपा मुख्यालय से शुरू हो चुकी है। उनका अंतिम संस्कार यमुना के घाट पर ‘राष्ट्रीय स्मृति स्थल’ पर किया जाएगा।प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, तमाम कैबिनेट मंत्रियों, मुख्यमंत्रियों, विपक्षी दलों के नेताओं और अन्य लोगों ने दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि दी।